हिंदू पंचाग के अनुसार वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान श्री नारायण के निमित्त मोहिनी एकादशी का व्रत रखा जाता है। इस दिन सृष्टि के पालनकर्ता भगवान विष्णु के मोहिनी रूप और भगवान श्री राम की पूजा करने से सुख-सौभाग्य की प्राप्ति होती है। शास्त्रों के अनुसार मोहिनी, भगवान विष्णु का अवतार रूप थी। मान्यता है कि इस व्रत को करने से व्यक्ति के सभी पाप दूर हो जाते हैं और व्यक्ति अपने शत्रुओं पर विजय प्राप्त करता है। व्रतों में यह उत्तम व्रत है, इस व्रत के प्रभाव से मनुष्य मोहजाल से मुक्ति पाकर विष्णुलोक को जाते हैं।
महंत श्री पारस भाई जी ने कहा कि मोहिनी एकादशी का व्रत शत्रुओं पर विजय प्राप्त करने के लिए बहुत उत्तम है। दरअसल इस दिन भगवान विष्णु ने मोहिनी अवतार लेकर असुरों का वध किया था। इतना ही नहीं एकादशी का व्रत करने से घर परिवार में सुख शांति बनी रहती है और व्यक्ति को धन, बुद्धि और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है। यह व्रत सब प्रकार के दुखों का निवारण करने वाला है।